नई दिल्ली (ईएमएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पाकिस्तान से जुड़े एक बड़े आतंकी नेटवर्क के खिलाफ देशभर में व्यापक कार्रवाई करते हुए चार राज्यों में 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस अभियान का उद्देश्य सीमा पार से संचालित उन नेटवर्क्स को ध्वस्त करना था, जो भारत में हथियार, विस्फोटक और आईईडी पहुंचाने की साजिश में शामिल बताए जा रहे हैं। एजेंसियों के मुताबिक यह नेटवर्क पाकिस्तान में बैठे ऑपरेटिव जसवीर चौधरी और उसके भारतीय सहयोगियों द्वारा संचालित किया जा रहा था।
एनआईए की टीमों ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और महाराष्ट्र में एक साथ कार्रवाई की। इनमें उत्तर प्रदेश के पांच, राजस्थान और बिहार के दो-दो तथा महाराष्ट्र के तीन ठिकाने शामिल रहे। केंद्रीय एजेंसियों और स्थानीय पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई और मौके से अहम दस्तावेज, मोबाइल फोन, लैपटॉप व अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं। अब इन सभी उपकरणों की फोरेंसिक जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियों को शक है कि पाकिस्तान स्थित यह नेटवर्क भारत-पाक सीमा के रास्ते ड्रोन के जरिए हथियार और विस्फोटक सामग्री भेज रहा था। इन हथियारों का इस्तेमाल पंजाब, दिल्ली समेत देश के अन्य हिस्सों में बड़े आतंकी हमलों के लिए किया जाना था। अधिकारियों का मानना है कि यदि यह साजिश सफल हो जाती, तो बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हो सकता था।
सूत्रों के अनुसार, एनआईए कई महीनों से इस नेटवर्क की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। तकनीकी निगरानी, खुफिया इनपुट और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर यह कार्रवाई की गई। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस मॉड्यूल के तार देश के किन-किन राज्यों तक फैले हैं और इसमें कितने लोग शामिल हैं।
एनआईए अधिकारियों ने फिलहाल मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि एजेंसी ने साफ किया है कि देश विरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।