मौसम का बड़ा यू-टर्न! कई राज्यों में आंधी-ओले और भारी बारिश का रेड अलर्ट

 नई दिल्ली (ईएमएस)। देशभर में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तर-पश्चिम भारत समेत कई राज्यों के लिए तेज आंधी, ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटे बेहद संवेदनशील रहने वाले हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि इस बदलाव से लोगों को उमस और तेज गर्मी से राहत मिलेगी तथा अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले दो से तीन दिनों में इसके अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है। वहीं पहाड़ी राज्यों में मौसम का असर सबसे ज्यादा दिखाई देगा। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं का असर अब मैदानी इलाकों में भी महसूस किया जाएगा।

बिहार में आज 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। झारखंड में 31 मई तक तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है। वहीं मध्य प्रदेश में आज लू का आखिरी असर देखने को मिलेगा, जिसके बाद पूरे राज्य में तेज बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो सकता है। छत्तीसगढ़ में भी 31 मई तक तेज तूफान और बारिश की संभावना बनी हुई है।

उत्तर प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने विशेष अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी यूपी में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान और ओले गिरने की आशंका जताई गई है। पूर्वी यूपी में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी तेज तूफान, ओलावृष्टि और भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.