मीडिया के विभिन्न सवालों का जवाब देते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का इस तरह नकारात्मक राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्ष हार की हताशा तथा प्रधानमंत्री मोदी के विरोध में इतने उलझ गए हैं कि उन्हें महिलाओं के अधिकारों और उनके विकास से जुड़े मुद्दों का महत्व भी समझ नहीं आ रहा है।
भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार मातृशक्ति को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से बैणी-भुली योजना लागू करने जा रही है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास है। ऐसे में विपक्ष को राजनीतिक विरोध करने के बजाय इस पहल में सकारात्मक सहयोग करना चाहिए था।
उन्होंने प्रदेश कांग्रेस नेताओं से अपील की कि यदि उनके मन में उत्तराखंड की संस्कृति और देवभूमि की मातृशक्ति के प्रति सम्मान का भाव है तो उन्हें इस योजना का समर्थन करना चाहिए। महिलाओं के आर्थिक विकास से जुड़ी योजनाओं पर राजनीति करने के बजाय सभी दलों को मिलकर काम करना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी कांग्रेस और विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों का समर्थन होना चाहिए। देश की आधी आबादी को अधिकार और अवसर उपलब्ध कराना किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार और आत्मनिर्भरता से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस से बैणी-भुली योजना का विरोध छोड़कर मातृशक्ति के हित में सहयोग करने का आग्रह किया।

