After Header-1

रिखणीखाल हादसे पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ मुआवजे की मांग

कोटद्वार। उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप और पूर्व प्रदेश महासचिव रघुवीर बिष्ट ने कोटद्वार पहुंचकर रिखणीखाल दुर्घटना में घायल लोगों का हालचाल जाना। दोनों नेताओं ने चंद्रमोहन सिंह नेगी अस्पताल में घायलों से मुलाकात की और उनके उपचार की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और उपजिलाधिकारी पी. चौहान से बातचीत कर घायलों को बेहतर उपचार और सभी आवश्यक प्राथमिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

अस्पताल में घायलों से मुलाकात के बाद कांग्रेस नेता हरिद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाली सात महिलाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी अंत्येष्टि में भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत महिलाओं को श्रद्धांजलि दी।

कांग्रेस प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने हादसे में आठ लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृत महिलाओं के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग उठाई। प्रताप ने इस घटना को भाजपा सरकार की ‘भेणी-भूली योजना’ से जोड़ते हुए इसे योजना का पहला शहीदी जत्था करार दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनावी लाभ के लिए योजनाओं को राजनीतिक प्रचार का माध्यम बना दिया है। रेवड़ियां बांटकर वोट बैंक तैयार करने की कोशिश की जा रही है, जबकि आम लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

धीरेंद्र प्रताप ने आरोप लगाया कि रजिस्ट्रेशन और केवाईसी की प्रक्रिया के नाम पर महिलाओं को परेशान किया जा रहा था और इसी तरह की परिस्थितियां इस दुर्घटना की वजह बनीं। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

कांग्रेस नेता ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं के परिवारों को उचित आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि मृतकों के आश्रितों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए और घायलों के उपचार में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.