After Header-1

लोक कलाकारों को हर महीने 3000 रुपये पेंशन, गुरु-शिष्य परंपरा को लेकर सीएम धामी का बड़ा ऐलान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी पहचान, परंपराओं और पूर्वजों की अमूल्य विरासत है। इसे संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोक कलाकार हमारी सांस्कृतिक धरोहर के संवाहक हैं और उनके सम्मान एवं आर्थिक सहयोग के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री रविवार को हरिद्वार बाईपास रोड स्थित सोशल बलूनी स्कूल में आयोजित ‘उत्तराखंड लोक विरासत 2026’ कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ढोल-दमाऊं की थाप, लोकगीतों की मधुर धुन और पारंपरिक लोकनृत्य उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाते हैं। हमारी लोक परंपराओं में पहाड़ का जीवन, प्रकृति से जुड़ाव, सामाजिक समरसता और पूर्वजों के संघर्षों की झलक दिखाई देती है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लोक कलाकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक छह महीने में लोक कलाकारों की सूची अपडेट की जाती है, ताकि जरूरतमंद कलाकारों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके। कोरोना काल में लगभग 3,200 सूचीबद्ध लोक कलाकारों को प्रतिमाह 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई थी। वर्तमान में पात्र वरिष्ठ और अस्वस्थ लोक कलाकारों को प्रतिमाह 3,000 रुपये पेंशन प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने गुरु-शिष्य परंपरा को लोक संस्कृति के संरक्षण का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि सरकार छह महीने की गुरु-शिष्य प्रशिक्षण कार्यशालाएं संचालित कर रही है। इनके माध्यम से युवा पीढ़ी को अनुभवी कलाकारों से लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कलाएं सीखने का अवसर मिल रहा है। इसके अलावा सांस्कृतिक पुस्तकों के प्रकाशन के लिए आर्थिक सहायता और लोककलाओं के प्रदर्शन के लिए कला दीर्घाएं स्थापित की जा रही हैं।

उन्होंने साहित्यकारों के योगदान की चर्चा करते हुए बताया कि राज्य सरकार ‘उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान’, ‘साहित्य भूषण’ और ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट’ जैसे पुरस्कारों के माध्यम से साहित्यकारों को सम्मानित कर रही है। हिंदी और स्थानीय भाषाओं में साहित्यिक पुस्तकों के प्रकाशन के लिए भी अनुदान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपनी स्थानीय बोलियों और भाषाओं को घर-परिवार में जीवित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों से अपनी मातृबोली में बातचीत करें, उन्हें गांव की कहानियां सुनाएं और पूर्वजों की परंपराओं से परिचित कराएं। इससे उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंच सकेगी।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.