चर्च रोड की जलभराव समस्या पर मेयर का बड़ा एक्शन, मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण

देहरादून के वार्ड संख्या 79 स्थित चर्च रोड क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के समाधान को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने समस्या का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। बारिश के दौरान क्षेत्र में जलभराव की समस्या से स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

बताया गया कि वरिष्ठ पत्रकार आशीष कुमार ध्यानी ने मेयर सौरभ थपलियाल से मुलाकात कर चर्च रोड क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने क्षेत्र में लगातार हो रही जलनिकासी की दिक्कत और बारिश के समय सड़कों पर पानी भरने की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

समस्या की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने तुरंत कार्यवाही शुरू कर दी। जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए क्षेत्र में आवश्यक निर्माण और सफाई कार्य प्रारंभ कराए गए हैं। इसी क्रम में मेयर सौरभ थपलियाल स्वयं मौके पर पहुंचे और चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य गुणवत्तापूर्ण हो और ऐसा स्थायी समाधान निकाला जाए जिससे भविष्य में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि शहरवासियों की मूलभूत समस्याओं का त्वरित समाधान नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहर की आधारभूत व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम समय पर उठाए जाएं।

इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने मेयर की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद उनकी समस्या पर गंभीरता से ध्यान दिया गया है, जिससे उन्हें राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.