हरिद्वार में धामी ने किया नई धर्मशाला का लोकार्पण, कुंभ 2027 को लेकर कही बड़ी बात

हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित नव निर्मित धर्मशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ट्रस्टी और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने धर्मशाला को सेवा, समर्पण और सनातन संस्कृति का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह आने वाले समय में श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि क्षत्रिय कलौता समाज ने हमेशा राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इस समाज के लोगों ने खेती, व्यापार, शिक्षा, समाज सेवा और देश की सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और अन्य सुरक्षा बलों में सेवाएं दे रहे समाज के लोगों की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश की आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का प्रवेश द्वार है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करने आते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण एक पुण्य कार्य है और आगामी हरिद्वार कुंभ 2027 तथा चारधाम यात्रा के दौरान यह बेहद उपयोगी साबित होगी।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हरिद्वार कुंभ 2027 को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि घाटों के पुनरुद्धार, सड़क, स्वच्छता, यातायात और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारनाथ और महाकाल लोक जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में सनातन संस्कृति को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी राज्य की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में कई संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह धर्मशाला श्रद्धालुओं के लिए सेवा और सहयोग का बड़ा केंद्र बनेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.