नई दिल्ली। प्रसिद्ध व्यंग्यकार कृष्ण गोपाल विद्यार्थी ने अपने ताजा व्यंग्य “समोसे पर संवाद” के जरिए देश की राजनीति, महंगाई, लोकतंत्र और आम आदमी की परेशानियों पर तीखा लेकिन हास्यपूर्ण कटाक्ष किया है। लेखक ने “चाय पर चर्चा” की राजनीति को पीछे छोड़ते हुए अब “समोसे पर संवाद” को नए दौर का प्रतीक बताया है।
व्यंग्य में समोसे को केवल एक खाद्य पदार्थ नहीं, बल्कि भारतीय समाज और लोकतंत्र का प्रतीक बताया गया है। लेखक के अनुसार समोसे के तीन कोने लोकतंत्र के तीन स्तंभों जैसे हैं, जबकि चटनी को चौथा स्तंभ माना गया है। उनका कहना है कि जब चटनी गायब हो जाती है, तभी लोकतंत्र का स्वाद बिगड़ने लगता है।
लेख में समोसे की बाहरी परत को व्यवस्था की चमकदार लेकिन खोखली तस्वीर बताया गया है, जो बाहर से आकर्षक दिखती है लेकिन अंदर की सच्चाई अलग होती है। वहीं समोसे में भरा आलू आम जनता का प्रतीक है, जो लगातार दबाव, महंगाई और वादों की गर्म कड़ाही में पकता रहता है। हरी मिर्च को चुनावी वादों से जोड़ते हुए लेखक ने कहा कि ये कुछ देर के लिए तीखापन और उम्मीद तो देते हैं, लेकिन जल्द ही गायब हो जाते हैं।
व्यंग्य में महंगाई, बेरोजगारी और वीआईपी संस्कृति पर भी चुटीले अंदाज में सवाल उठाए गए हैं। लेखक ने “आलू बनाम पनीर का समाजवाद” और “चटनी के समान वितरण” जैसे उदाहरणों के जरिए सामाजिक असमानता और राजनीतिक व्यवस्था पर कटाक्ष किया है। साथ ही समोसे के तेल की पारदर्शिता पर “जेपीसी जांच” की मांग का जिक्र कर व्यवस्था की कार्यशैली पर भी व्यंग्य किया गया है।
लेख के अंत में सिर पर समोसे का बोझ उठाए व्यक्ति को आम नागरिक का प्रतीक बताते हुए कहा गया है कि देश का आम आदमी टैक्स, महंगाई और वादों का बोझ उठाकर लगातार आगे बढ़ रहा है। व्यंग्य का संदेश साफ है कि अब देश में केवल चर्चाएं नहीं, बल्कि असली मुद्दों पर “समोसे का संवाद” होना चाहिए।