स्वास्थ्य मंत्री का रायपुर CHC पर अचानक निरीक्षण, मरीजों से सीधे पूछी सुविधाओं की हकीकत

देहरादून। सुबोध उनियाल ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में सभी चिकित्सक उपस्थित मिले। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण की शुरुआत पर्चा काउंटर से की गई, जहां मंत्री ने मरीजों की सुविधा और व्यवस्था को परखा। इसके बाद उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, वार्ड, इमरजेंसी वार्ड और अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल पहुंचे मरीजों से बातचीत कर इलाज और सुविधाओं के बारे में फीडबैक भी लिया।

स्वास्थ्य मंत्री ने शुक्रवार को संचालित ईसीजी ओपीडी का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें, ताकि मरीजों को समय पर और बेहतर इलाज मिल सके।

सुबोध उनियाल ने स्पष्ट कहा कि अस्पतालों में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों को बाहर से दवा खरीदने की जरूरत न पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम लोगों को सरकारी अस्पतालों में ही गुणवत्तापूर्ण और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण मरीजों के स्वास्थ्य सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने सीएचसी रायपुर की निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नए भवन के तैयार होने के बाद क्षेत्रवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अत्याधुनिक उपकरणों और बेहतर चिकित्सा सेवाओं से अस्पताल की कार्यक्षमता में भी बड़ा सुधार आएगा।

मंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.