नैनीताल में शुरू हुआ Governors Cup Golf Tournament, 7 साल की बच्ची से 81 वर्षीय खिलाड़ी तक ने खींचा ध्यान

नैनीताल। Governors Cup Golf Tournament के 21वें संस्करण का भव्य शुभारंभ लोक भवन गोल्फ कोर्स, नैनीताल में हुआ। गुरमीत सिंह ने टी-ऑफ कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में इस वर्ष विभिन्न श्रेणियों के कुल 179 गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार का टूर्नामेंट पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की स्मृति को समर्पित किया गया है।

प्रतियोगिता में 110 सामान्य श्रेणी के खिलाड़ी, 27 जूनियर खिलाड़ी, 9 महिला प्रतिभागी, 29 वेटरन और 4 सुपर वेटरन गोल्फर शामिल हैं। इसमें 81 वर्षीय कर्नल एच.सी. गुप्ता सबसे वरिष्ठ खिलाड़ी हैं, जबकि 7 साल की इलाक्षी राठौड़ सबसे कम उम्र की प्रतिभागी के रूप में आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

शुभारंभ अवसर पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि गवर्नर्स कप केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उत्तराखंड की खेल प्रतिभा, पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का प्रभावशाली मंच है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में सभी आयु वर्गों की भागीदारी खेलों के प्रति बढ़ती जागरूकता और पारिवारिक जुड़ाव को दर्शाती है।

राज्यपाल ने लोक भवन गोल्फ कोर्स की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह स्थल प्रकृति, पर्यटन और वन्यजीवन संरक्षण का अनूठा संगम है। उन्होंने खुशी जताई कि इस बार महिलाओं और बेटियों की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है। पूर्व में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 135 बच्चों ने हिस्सा लिया, जिनमें बड़ी संख्या बेटियों की थी।

उन्होंने कहा कि गोल्फ केवल शारीरिक कौशल का खेल नहीं, बल्कि यह धैर्य, अनुशासन, एकाग्रता और मानसिक संतुलन सिखाता है। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का मजबूत माध्यम बन रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.