किच्छा। Dhan Singh Rawat से किच्छा क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र सिंह ताकुली “तारी” ने उनके शासकीय आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान क्षेत्र के युवाओं की शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुलाकात में खास तौर पर किच्छा के डिग्री कॉलेज में छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए नए विषय शुरू कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
नरेंद्र सिंह ताकुली ने कैबिनेट मंत्री को बताया कि किच्छा क्षेत्र के कई छात्र उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करने को मजबूर हैं। यदि स्थानीय डिग्री कॉलेज में नए विषयों की शुरुआत होती है तो क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार समय की जरूरत है और इससे युवाओं का भविष्य मजबूत होगा।
मुलाकात के दौरान मंत्री धन सिंह रावत ने सभी मांगों और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मंत्री ने संकेत दिए कि किच्छा क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विकास को लेकर जल्द सकारात्मक निर्णय लिए जा सकते हैं।
नरेंद्र सिंह ताकुली ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में किच्छा के युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में नई सौगात मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
इस दौरान क्षेत्रीय समस्याओं, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के विषयों पर भी चर्चा हुई। बैठक में सलभ ताकुली, व्रजेश और विशाल सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि डिग्री कॉलेज में नए विषय शुरू होते हैं तो इसका सीधा लाभ हजारों छात्र-छात्राओं को मिलेगा और उन्हें बेहतर करियर विकल्प मिल पाएंगे। शिक्षा सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।