सतपुली (पौड़ी)। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में बन रही बहुप्रतीक्षित सतपुली झील परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचे प्रदेश के सिंचाई, पर्यटन और लोक निर्माण मंत्री Satpal Maharaj ने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई पहचान देने का कार्य करेगी।
चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने निरीक्षण के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के विजन और मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि सतपुली नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग 56 करोड़ 34 लाख 97 हजार रुपये की लागत से झील निर्माण परियोजना पर कार्य चल रहा है, जो लंबे समय से क्षेत्र की महत्वपूर्ण मांग रही है।
मंत्री ने कहा कि झील निर्माण पूरा होने के बाद सतपुली क्षेत्र पर्यटन के नए केंद्र के रूप में उभरेगा। इससे न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी बल्कि स्थानीय व्यापार, होटल व्यवसाय और छोटे कारोबारियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसियों को कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी परियोजनाएं विकसित करना है जो आने वाले वर्षों तक क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
स्थानीय लोगों ने भी झील परियोजना को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया। उनका मानना है कि झील बनने से सतपुली की पहचान पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत होगी। सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।