घर में चल रहा था नशे का धंधा! 100 इंजेक्शन के साथ महिला गिरफ्तार

अनूपपुर,  मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिजुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर उसके घर से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं।

थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भालुगुडार गांव में एक महिला अपने घर में नशीले इंजेक्शन छिपाकर अवैध रूप से बेच रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक 7 स्थित घर पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 32 वर्षीय पुष्पा उर्फ रानी सिंह उइके के घर से कुल 100 नशीले इंजेक्शन बरामद किए। इनमें फेनिरामाइन मैलिएट के 50 इंजेक्शन (10 एमएल) और बुप्रेनॉर्फिन के 50 इंजेक्शन (2 एमएल) शामिल हैं। बरामद इंजेक्शनों की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला इन इंजेक्शनों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और औषधि निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला पहले से ही इस अवैध कारोबार में लिप्त रही है। वह छत्तीसगढ़ से नशीले इंजेक्शन लाकर अनूपपुर और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचती थी। पुलिस के अनुसार, महिला के खिलाफ छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह का एक मामला दर्ज है।

फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.