24 घंटे में तबाही! तूफान-आकाशीय बिजली से बिहार में 20+ मौतें, सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान

पटना। बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम ने अचानक करवट लेते हुए भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। इस प्राकृतिक आपदा से राज्य के कई जिले बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

सबसे ज्यादा नुकसान पूर्वी चंपारण, गया और औरंगाबाद जिलों में हुआ है। जानकारी के अनुसार, पूर्वी चंपारण में पांच, गया में तीन और औरंगाबाद में तीन लोगों की जान गई है। वहीं वैशाली, सीतामढ़ी और भोजपुर से भी मौतों की खबरें सामने आई हैं। राजधानी पटना के बाढ़ क्षेत्र में पेड़ गिरने और दीवार ढहने से दो लोगों की मौत हो गई।

सीतामढ़ी में बिजली का खंभा गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। रोहतास जिले में भी आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

तेज तूफान के कारण कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे सड़कें बाधित हो गईं और बिजली आपूर्ति घंटों तक ठप रही। कटिहार रेल मंडल के आजमनगर स्टेशन पर भी एक बड़ा हादसा टल गया, जब पेड़ की डाल हाई-टेंशन तार पर गिरने से आग लग गई। इससे कुछ समय के लिए ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं।

राज्य सरकार ने इस त्रासदी पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं और प्रभावित इलाकों में हालात पर नजर रखी जा रही है।

भारतीय मौसम विभाग ने पहले ही राज्य में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की थी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.