मसंदावाला में बारिश का कहर, मलबा हटाने और प्रभावितों को मदद के निर्देश

देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के मसंदावाला में देर रात हुई भारी बारिश के बाद मलबा आने से प्रभावित इलाकों का सोमवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर स्थानीय लोगों और आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सिंचाई और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को क्षेत्र में जमा मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने पुल के नीचे ब्लॉक निर्माण का काम भी जल्द शुरू कराने को कहा। मंत्री ने कहा कि इससे भविष्य में भारी बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव और मलबे से होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश और मलबे के कारण जिन लोगों को नुकसान हुआ है, उसका तहसील स्तर पर शीघ्र आकलन कराया जाए। प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता के चेक उपलब्ध कराने की कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए।

मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से शासन स्तर पर लंबित योजना की वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा और बचाव से जुड़े कार्य जल्द शुरू किए जाने जरूरी हैं, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों में नुकसान को कम किया जा सके।

गणेश जोशी ने कहा कि आपदा की स्थिति में सरकार की प्राथमिकता प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने और प्रभावित परिवारों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान विनोद अवस्थी, रंजीता उनियाल, बिक्रम कंडारी, गिरीश उनियाल, नवीन उनियाल, परशुराम, मोहन ठाकुर, विनोद जोशी और प्रीति थापा सहित वन विभाग, सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.