हरिद्वार। जनपद में बाढ़ और आपदा से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति को लेकर प्रदेश के सिंचाई, लोक निर्माण, ग्रामीण निर्माण, पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा हरिद्वार के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रभावित किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सतपाल महाराज ने लक्सर-पुरकाजी मार्ग स्थित खानपुर के जटा शंकर महादेव मंदिर में आयोजित रुद्राभिषेक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही उन्होंने क्षेत्र की आपदा प्रभावित स्थिति का जायजा लिया और किसानों से बातचीत कर उनकी परेशानियों को जाना।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से बाढ़ नियंत्रण और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से किसानों की समस्याओं और बारिश-बाढ़ से हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा।
महाराज ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। बाढ़ नियंत्रण से जुड़े कार्यों की प्रभावी निगरानी के साथ भविष्य में होने वाले नुकसान को कम करने के लिए आवश्यक उपायों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र की स्थिति के अनुरूप प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और बाढ़ से उत्पन्न परिस्थितियों से मंत्री को अवगत कराया। महाराज ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान जटा शंकर महादेव मंदिर में आयोजित भंडारे एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम में भी सतपाल महाराज ने प्रतिभाग किया। धार्मिक आयोजन के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुनने और बाढ़ नियंत्रण के उपायों पर अधिकारियों से चर्चा को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।