संसद में मोदी-राहुल की अचानक मुलाकात, कुछ सेकंड की बातचीत ने बढ़ाई सियासी हलचल

नई दिल्ली। संसद भवन परिसर में शनिवार को उस समय एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आमने-सामने आए। आमतौर पर राजनीतिक मंचों पर एक-दूसरे पर तीखे हमले करने वाले दोनों नेता इस बार सहज अंदाज में कुछ क्षणों तक बातचीत करते नजर आए।

यह मुलाकात महात्मा ज्योतिराव फुले की जयंती के अवसर पर संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर हुई, जहां कई वरिष्ठ नेता श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। वायरल हो रहे वीडियो में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और राज्यसभा के पूर्व उपसभापति हरिवंश भी मौजूद दिखाई दिए।

वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रधानमंत्री मोदी वहां मौजूद नेताओं से एक-एक कर मुलाकात करते हैं और इसी दौरान राहुल गांधी के सामने रुककर कुछ पल बातचीत भी करते हैं। हालांकि दोनों के बीच क्या चर्चा हुई, यह सार्वजनिक नहीं हो सका, लेकिन उनकी यह छोटी-सी बातचीत राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा फुले को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि फुले का जीवन समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के आदर्शों को समर्पित रहा। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा कि फुले महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के सशक्त समर्थक थे और उन्होंने शिक्षा को समाज में सशक्तिकरण का माध्यम बनाया।

गौरतलब है कि महात्मा ज्योतिबा फुले का जन्म 11 अप्रैल 1827 को हुआ था और उन्होंने अपने जीवनभर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया। उनकी जयंती पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

राजनीतिक माहौल के बीच मोदी और राहुल की यह सहज मुलाकात लोगों के बीच उत्सुकता का कारण बनी हुई है और इसे सियासी रिश्तों में नरमी के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.