After Header-1

संत रविदास के विचारों को धरातल पर उतार रही सरकार, धामी ने गिनाईं कल्याणकारी योजनाएं

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के विचार सामाजिक समानता, भाईचारे और समरसता का मार्ग दिखाते हैं। राज्य सरकार उनके आदर्शों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को धनौरी स्थित डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज में संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा में प्रतिभाग किया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास की समानता की सोच को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई। इसका उद्देश्य जाति, पंथ और वर्ग से ऊपर उठकर सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था करना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि व्यवहार और सरकारी योजनाओं में भी दिखाई देनी चाहिए।

धामी ने बताया कि अनुसूचित जाति उपयोजना और ट्राइबल सब प्लान के तहत पिछले छह वित्तीय वर्षों में करीब 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इससे अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से पिछले तीन वित्तीय वर्षों में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को करीब 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के तहत छात्रावास बनाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र दंपत्तियों को 50 हजार रुपये दिए जाते हैं। पिछले तीन वर्षों में 209 दंपत्तियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मिली है। वहीं, शादी अनुदान योजना के तहत पात्र परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए 50-50 हजार रुपये दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नमस्ते योजना के माध्यम से स्वच्छकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वरोजगार पर ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने संत रविदास के आदर्शों को जीवन में अपनाकर सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महंत रविंद्र पुरी, स्वामी यतींद्रानंद गिरि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.