भट्ट ने कहा कि धामी सरकार ने राजनीतिक इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प के साथ कई ऐसे निर्णय लिए हैं, जिनसे उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करना, सख्त नकल विरोधी कानून बनाना, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू करना और सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सरकार के प्रमुख फैसलों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये निर्णय सुशासन और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने विकास के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक समरसता और मूल स्वरूप के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी है। राज्य की परंपराओं और विरासत को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक विकास की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर कहा कि सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। सख्त नकल विरोधी कानून और नियमित भर्ती परीक्षाओं के माध्यम से हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है। इससे युवाओं में भर्ती व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ा है।
भट्ट ने कहा कि प्रदेश में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन भी महत्वपूर्ण रहा है। इसके माध्यम से बड़ी संख्या में निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सरकार इन प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए प्रयासरत है, जिससे उद्योगों के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को जारी होने वाला रिपोर्ट कार्ड सरकार के विकास कार्यों, जनहित में लिए गए निर्णयों और उत्तराखंड को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध राज्य बनाने के प्रयासों को जनता के सामने रखेगा।

