After Header-1

माला विवाद पर सैलजा की दो टूक, बोलीं- छोटी मजाकिया बात को मीडिया ने बना दिया बड़ा मुद्दा

देहरादून/बागेश्वर। बागेश्वर में कांग्रेस के मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच माला पहनाने को लेकर हुई खींचतान का मामला लगातार चर्चा में है। अब कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने इस विवाद पर सफाई देते हुए इसे छोटी-सी मजाकिया घटना बताया है। उन्होंने कहा कि मीडिया ने सामान्य बात को अनावश्यक रूप से गंभीर मुद्दा बना दिया। साथ ही उन्होंने इस तरह की खबरों के पीछे की नीयत पर भी सवाल उठाए।

दरअसल, 20 नवंबर को बागेश्वर में कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन और प्रदेश प्रभारी के स्वागत कार्यक्रम के दौरान मंच पर यह घटनाक्रम हुआ था। कार्यक्रम में कुमारी सैलजा, हरीश रावत, यशपाल आर्य और गणेश गोदियाल मौजूद थे। इसी दौरान हरीश रावत ने यशपाल आर्य को माला पहनाने की कोशिश की, लेकिन आर्य ने माला उनके हाथ से लेकर उल्टा उन्हें ही पहनाने का प्रयास किया। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक माला पहनाने को लेकर खींचतान होती रही। बाद में रावत ने आर्य के हाथ से माला पहन ली। इस दौरान सैलजा भी मुस्कुराती नजर आईं। घटना का करीब 25 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

भाजपा ने इस वीडियो को कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी से जोड़ते हुए निशाना साधा था। भाजपा नेताओं ने इसे पार्टी में वर्चस्व की लड़ाई का उदाहरण बताया।

देहरादून में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सैलजा ने कहा कि नेताओं के बीच आपसी सम्मान जताने के दौरान ऐसी छोटी-मोटी बातें हो जाती हैं। इसे अनुशासनहीनता का रूप देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जहां अनुशासनहीनता दिखाई देती है, वहां पार्टी कार्रवाई कर रही है, लेकिन आपसी आदर और मजाक को तोड़-मरोड़कर पेश करना गलत है।

वहीं, हरीश रावत ने स्पष्ट किया कि यशपाल आर्य उनके छोटे भाई हैं और दोनों के बीच नाराजगी जैसी कोई बात नहीं है। यशपाल आर्य ने भी रावत को बड़ा भाई और अभिभावक तुल्य बताते हुए उनके प्रति सम्मान जताया।

इसके बाद कांग्रेस भवन में दोनों नेताओं ने बुके देकर एक-दूसरे का स्वागत किया और गले मिलकर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.