देहरादून। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP एंगल की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की पड़ताल तेज हो गई है। इसी कड़ी में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर का मंगलवार को गुजरात के गांधीनगर स्थित फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) में नार्को एनालिसिस और पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जा रहा है। सीबीआई ने उन्हें 24 नवंबर को पेश होने का नोटिस दिया था।
जानकारी के अनुसार, राठौर सोमवार को हरिद्वार से गांधीनगर के लिए रवाना हुए थे। मंगलवार सुबह वह एफएसएल पहुंचे, जहां पहले उनका मेडिकल परीक्षण किया जाना है। इसके बाद टेस्ट की प्रक्रिया शुरू होगी। रवाना होने से पहले उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें सीबीआई जांच पर कोई आपत्ति नहीं है। अंकिता को न्याय मिलना चाहिए और वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने खुद को इस मामले में गवाह बताया है।
इस प्रकरण ने फरवरी 2026 में उस समय नया मोड़ लिया था, जब अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर कुछ ऑडियो क्लिप साझा किए थे। उन्होंने दावा किया था कि इन बातचीत में अंकिता हत्याकांड से जुड़े एक प्रभावशाली VIP का जिक्र है। बाद में उन्होंने भाजपा नेता दुष्यंत गौतम का नाम भी लिया था। हालांकि, दुष्यंत गौतम ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया था।
ऑडियो सामने आने के बाद अंकिता के परिजनों ने VIP एंगल की सीबीआई जांच की मांग तेज कर दी थी। इसके बाद राज्य सरकार ने फरवरी 2026 में मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी। एजेंसी ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर से पूछताछ की।
उर्मिला का टेस्ट भी जल्द
उर्मिला सनावर के वकील शिवानी तोमर के मुताबिक, उनका नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट भी गांधीनगर एफएसएल में कराया जाएगा। हालांकि, अभी अदालत से तारीख निर्धारित नहीं हुई है। संभावना जताई जा रही है कि अगले 7 से 10 दिनों में उनकी जांच हो सकती है।
क्या है अंकिता हत्याकांड?
19 वर्षीय अंकिता भंडारी ऋषिकेश के पास वनंतरा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं। 18 सितंबर 2022 को उनकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिसॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर व अंकित गुप्ता को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। हालांकि, कथित VIP की भूमिका को लेकर उठे सवालों की जांच अभी जारी है।

