मुंबई। बॉलीवुड की दिग्गज गायिका आशा भोसले को लेकर शनिवार रात एक चौंकाने वाली खबर सामने आई, जिसमें उनके हार्ट अटैक का दावा किया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, उनकी सेहत को लेकर अभी तक अस्पताल या परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
परिवार की चुप्पी के बीच उनकी बहन उषा मंगेशकर ने भी कहा कि उन्हें इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। ऐसे में खबरों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है और प्रशंसक लगातार उनकी सेहत के लिए दुआ कर रहे हैं।
गौरतलब है कि आशा भोसले ने 8 सितंबर 2025 को अपना 92वां जन्मदिन मनाया था। अपनी मधुर और बहुमुखी आवाज के लिए मशहूर आशा भोसले ने हिंदी फिल्म संगीत के साथ-साथ कई भाषाओं में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने अपने करियर में 12 हजार से अधिक गीत गाए हैं और 14 से ज्यादा भाषाओं में अपनी आवाज दी है।
उनका जीवन संघर्षों से भरा रहा है। महज 9 साल की उम्र में पिता का साया उठ गया था, जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ गईं। 16 साल की उम्र में उन्होंने परिवार के खिलाफ जाकर गणपतराव भोसले से शादी की, जिससे उनके रिश्तों में दरार आ गई। उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर ने भी उस समय उनसे दूरी बना ली थी।
शादी के बाद उन्हें कई कठिनाइयों और घरेलू समस्याओं का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपने दम पर संगीत की दुनिया में एक अलग पहचान बनाई। आज भी उनकी आवाज की खनक और जादू बरकरार है।
फिलहाल उनकी सेहत को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है, जबकि उनके चाहने वाले उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।