कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वी बर्दवान के कटवा में आयोजित जनसभा में तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस बार राज्य में उनकी रैलियों में उमड़ रही भीड़ और जन उत्साह अभूतपूर्व है, ऐसा दृश्य उन्हें गुजरात में भी देखने को नहीं मिला था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता बदलाव के मूड में है और 4 मई के बाद राज्य में नई तस्वीर देखने को मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि बीजेपी सत्ता में आती है तो नई सरकार एक श्वेत पत्र जारी करेगी, जिसमें पिछले 15 वर्षों में टीएमसी शासन के दौरान हुए कथित भ्रष्टाचार के मामलों का खुलासा किया जाएगा।
मोदी ने विपक्ष के उस प्रचार को खारिज किया, जिसमें कहा जा रहा है कि बीजेपी के आने पर कल्याणकारी योजनाएं बंद हो जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक भी योजना बंद नहीं होगी, बल्कि केवल भ्रष्टाचार और लूट के अड्डों पर कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रधानमंत्री ने बड़ा वादा करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर पहली ही कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना लागू करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान राज्य सरकार ने इस योजना को लागू न कर जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रखा है।
साथ ही उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि बीजेपी सरकार अवैध घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी, साथ ही उन्हें फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराने वालों पर भी कानून का शिकंजा कसा जाएगा।
प्रधानमंत्री ने अपने घोषणापत्र की छह गारंटियों का जिक्र करते हुए कहा कि इनमें राज्य के विकास का स्पष्ट रोडमैप दिया गया है। उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी” बंगाल में भय के माहौल को खत्म कर जनता में विश्वास बहाल करने की है।
इस बीच पीएम मोदी मुर्शिदाबाद भी जाएंगे, जहां वे हालिया हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात करेंगे। राज्य में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। वहीं असम में भी चुनावी प्रक्रिया जारी है, जिससे पूरे पूर्वी भारत में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है।