उत्तराखंड संस्कृत बोर्ड रिजल्ट घोषित: हाईस्कूल में 92% और इंटर में 88.48% छात्र सफल

देहरादून। उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा बोर्ड ने वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष कुल 1775 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जिनमें पूर्वमध्यमा (हाईस्कूल) में 950 और उत्तरमध्यमा (इंटरमीडिएट) में 825 परीक्षार्थी शामिल रहे। संस्कृत शिक्षा मंत्री Dhan Singh Rawat ने पश्चिम बंगाल से वर्चुअल माध्यम से रिजल्ट जारी करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी।

घोषित परिणामों के अनुसार, पूर्वमध्यमा (हाईस्कूल) का कुल परीक्षा परिणाम 92 प्रतिशत रहा, जबकि उत्तरमध्यमा (इंटरमीडिएट) में 88.48 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए। मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि बोर्ड परीक्षा परिणाम समय पर जारी करना विभाग की बड़ी उपलब्धि है और इसके लिए उन्होंने अधिकारियों तथा परीक्षा आयोजन से जुड़े कर्मचारियों की सराहना की।

उन्होंने टॉपर्स और सफल विद्यार्थियों से फोन पर बातचीत कर शुभकामनाएं दीं। साथ ही जो छात्र परीक्षा में सफल नहीं हो सके, उनसे निराश न होने और दोबारा तैयारी कर बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की। संस्कृत शिक्षा (प्रभारी) निदेशक कंचन देवराड़ी ने बताया कि परिणाम संस्कृत निदेशालय, देहरादून से जारी किए गए।

हाईस्कूल टॉपर्स की बात करें तो देहरादून के श्री परशुराम चतुर्वेद विद्यालय के छात्र रूद्रांश उनियाल ने 88.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। हरिद्वार के गुरुकुल संस्कृत विद्यालय के प्रिंस पुंडीर 87.4 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। तीसरे स्थान पर अनमोल और प्रकाश चंद्र पाठक संयुक्त रूप से रहे।

इंटरमीडिएट में श्रीनगर के श्री जयदयाल अग्रवाल संस्कृत विद्यालय के छात्र सक्षम प्रसाद ने 93.4 प्रतिशत अंक लेकर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। हरिद्वार के अर्जुन कुमार दूसरे और देहरादून की अदिति जांगिड़ तीसरे स्थान पर रहीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.