चारधाम यात्रा से पहले बड़ी तैयारी: अब वेबसाइट पर मिलेगी हेल्थ गाइड

देहरादून स्थित एचएनबी उत्तराखंड मेडिकल यूनिवर्सिटी ने आगामी चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए तीर्थयात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। यूनिवर्सिटी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा तैयार की गई स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारियां और सुझाव अपलोड कर दिए हैं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालु सुरक्षित और सजग रह सकें।

गौरतलब है कि चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। उत्तराखंड के चारों धाम ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में स्थित हैं, जहां यात्रियों को अक्सर सांस लेने में दिक्कत, थकान, मौसम परिवर्तन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यूनिवर्सिटी की यह पहल यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।

हाल ही में 1 अप्रैल को देहरादून के लोकभवन में ‘स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा’ विषय पर एक सेमिनार आयोजित किया गया था, जिसमें चिकित्सा विशेषज्ञों ने यात्रा से जुड़ी सावधानियों और स्वास्थ्य उपायों पर विस्तार से जानकारी दी थी। अब उसी जानकारी को डिजिटल माध्यम से भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालु पहले से ही तैयारी कर सकें।

इस कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और सुबोध उनियाल ने भी अपने विचार रखे थे। वहीं यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. भानु दुग्गल ने बताया कि वेबसाइट पर दी गई जानकारी से यात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से बचने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए ‘आस्था के साथ सावधानी’ का पालन बेहद जरूरी है। यह पहल न केवल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि उनकी यात्रा को अधिक सुगम और सुखद भी बनाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.