1400 करोड़ की योजनाओं से बदलेगा देहरादून, सीएम धामी ने किया बड़ा ऐलान

देहरादून में विकास और सांस्कृतिक विरासत को साथ लेकर चलने के उद्देश्य से राज्य सरकार लगातार नए कदम उठा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर निगम देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में जुगमंदर हॉल के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस परियोजना पर लगभग 2.32 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने केदारपुरम स्थित एबीसी सेंटर में कैनाल निर्माण कार्य और नगर निगम क्षेत्र के छह स्थानों पर पार्कों के विकास एवं सौंदर्यीकरण का शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं से शहर की आधारभूत सुविधाओं और सौंदर्य में सुधार होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी, विरासत भी” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देहरादून अपनी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखते हुए तेजी से आधुनिकता की ओर बढ़ रहा है। राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से स्वच्छता को बढ़ावा मिला है, जबकि स्मार्ट सिटी मिशन और अमृत योजना के जरिए शहरों को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाया जा रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना से लाखों लोगों का घर का सपना पूरा हुआ है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। देहरादून को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए ठोस कचरा प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से राज्य के विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.