देहरादून। जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी और सख्ती दोनों बढ़ा दी है। जिलाधिकारी सविन बसंल के निर्देशों पर क्षेत्रवार क्यूआरटी (Quick Response Team) गठित की गई है, जो लगातार गैस एजेंसियों के निरीक्षण कर आपूर्ति, वितरण और स्टॉक की स्थिति पर नजर रख रही है।
हाल ही में सहस्त्रधारा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए टीम ने विभिन्न होटल और ढाबों से 15 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। जांच में यह भी सामने आया कि कई उपभोक्ताओं ने घबराहट में पहले से भरे सिलेंडर होने के बावजूद गैस बुक करा ली थी। ऐसे करीब 200 सिलेंडर, जो होम डिलिवरी के लिए भेजे गए थे, उपभोक्ताओं के पास खाली सिलेंडर न मिलने के कारण वापस एजेंसी में जमा कर दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के सिलेंडर खाली होने पर उन्हें पुनः होम डिलिवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के के मिश्रा कंट्रोल रूम से जिले भर में गैस वितरण की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अब तक क्यूआरटी टीम द्वारा 415 औचक निरीक्षण किए जा चुके हैं। इन छापों और कानूनी कार्रवाइयों के चलते कालाबाजारी में लिप्त लोगों में भय का माहौल है।
प्रशासन ने कालाबाजारी के मामलों में 5 मुकदमे दर्ज कर 3 आरोपियों को जेल भेजा है। साथ ही 150 घरेलू, 139 व्यावसायिक और 7 छोटे सिलेंडर जब्त किए गए हैं। उपभोक्ताओं को अब ओटीपी आधारित प्रणाली के जरिए ही होम डिलिवरी दी जा रही है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 1077 सहित अन्य दूरभाष और व्हाट्सएप नंबर भी जारी किए हैं। अब तक गैस आपूर्ति से संबंधित 35 शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं, जिन पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि एलपीजी वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

