धामी सरकार का बड़ा फैसला—देहरादून सर्किट हाउस एनेक्सी अब आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस

देहरादून। राज्य में अतिथि सत्कार सुविधाओं को बेहतर और आधुनिक बनाने की दिशा में सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में देहरादून स्थित राज्य अतिथि गृह सर्किट हाउस एनेक्सी के व्यापक नवीनीकरण की योजना पर कार्य शुरू कर दिया गया है। गुरुवार को इस परियोजना के तहत स्थल निरीक्षण किया गया, जिसकी अध्यक्षता आवास व राज्य संपत्ति सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने की।

निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित नवीनीकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्य केवल मरम्मत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सर्किट हाउस एनेक्सी को उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय के साथ विकसित किया जाएगा।

योजना के अनुसार, भवन के मीटिंग हॉल का पूर्ण नवीनीकरण किया जाएगा। इसकी दीवारों पर राज्य की समृद्ध लोकसंस्कृति को दर्शाने वाली पारंपरिक पेंटिंग्स लगाई जाएंगी, जिससे यहां आने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अतिथियों को उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत की झलक मिल सके। इस पहल से अतिथि गृह न केवल सुविधाजनक बल्कि सौंदर्य की दृष्टि से भी आकर्षक बनाया जाएगा।

नवीनीकरण कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। प्रथम चरण में मुख्य भवन के भूतल के कक्ष संख्या 1 से 6 और प्रथम तल के कक्ष संख्या 7 से 12 तक कुल 12 कमरों का कायाकल्प किया जाएगा। इसके अलावा डोरमैट्री के भूतल पर स्थित कक्ष संख्या 19 से 22 तक के चार कमरों का भी आधुनिकीकरण किया जाएगा। इन कमरों में आधुनिक फर्नीचर, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, उन्नत स्वच्छता सुविधाएं और आरामदायक इंटीरियर विकसित किया जाएगा।

सरकार का उद्देश्य है कि देहरादून आने वाले विशिष्ट अतिथियों, अधिकारियों और प्रतिनिधिमंडलों को विश्वस्तरीय आवास सुविधा प्रदान की जा सके। यह परियोजना राज्य की छवि को मजबूत करने और पर्यटन व प्रशासनिक गतिविधियों को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.