पंतनगर। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर पंतनगर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाया। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2003 से पूर्व से कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण के संबंध में एक विस्तृत मांग पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।
राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस मामले में उच्च न्यायालय द्वारा आदेश पारित किए जाने के बावजूद नियमितीकरण की प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। संबंधित फाइलें अब भी शासन स्तर पर लंबित हैं, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से सेवा दे रहे इन कर्मचारियों को नियमित न किए जाने के कारण उन्हें वेतन, सेवा सुरक्षा, पदोन्नति और अन्य आवश्यक सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। इससे उनके भविष्य को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है।
पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस मामले में शीघ्र निर्णय लेते हुए कर्मचारियों को राहत प्रदान की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों के साथ न्याय करना सरकार की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने इस संबंध में सकारात्मक रुख अपनाते हुए मामले की समीक्षा कराने का आश्वासन दिया। यह मुद्दा अब एक बार फिर राज्य की प्रशासनिक प्राथमिकताओं में शामिल होता नजर आ रहा है।