देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने शहीदों के सम्मान में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य के विभिन्न जनपदों में शहीद द्वार और स्मारकों के निर्माण के लिए बजट जारी कर दिया है। इस संबंध में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कैंप कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 6 भव्य शहीद द्वार एवं स्मारकों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारा जाए और प्रशासनिक व तकनीकी प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जाए।
गणेश जोशी ने कहा कि शहीदों के सम्मान और उनकी स्मृति को संजोना सरकार की प्राथमिकता है। इन स्मारकों के निर्माण से नई पीढ़ी को देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणा मिलेगी।