चारधाम यात्रा 2026 को लेकर सख्त निर्देश, सीएस ने मांगी एक हफ्ते में प्रगति रिपोर्ट

देहरादून। चारधाम यात्रा–2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और तकनीक-सक्षम बनाने के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य, विद्युत और आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सचिव सचिन कुर्वे को केदारनाथ-बद्रीनाथ मार्ग पर सभी चिकित्सालयों को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। ऊर्जा विभाग को निर्बाध और संतुलित वोल्टेज की बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

आपदा प्रबंधन और पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक जाम, भीड़ या किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना यात्रियों तक व्हाट्सएप अलर्ट के माध्यम से तत्काल पहुंचाई जाए। इसके लिए एक सप्ताह में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

आकस्मिक परिस्थितियों में यात्रा रोकने की स्थिति में स्थान और अवधि निर्धारण की जिम्मेदारी गढ़वाल मंडल आयुक्त को सौंपी गई है। यात्रा मार्ग पर आवश्यक मशीनरी, उपकरण और संसाधनों की अग्रिम तैनाती तथा परिसंपत्तियों की मैपिंग करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत उपयोग हो सके।

तकनीकी सुविधाओं के तहत प्रमुख स्थलों पर QR कोड लगाए जाएंगे, जिनसे यात्रियों को संबंधित स्थान की महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी। साथ ही स्पष्ट साइनेज और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के जिलाधिकारियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को मजबूत करने और प्रभावी क्राउड मैनेजमेंट प्लान तैयार करने को कहा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.