घनसाली में 41.21 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने किया लोकार्पण-शिलान्यास

घनसाली (टिहरी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को घनसाली में 41.21 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 13.43 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण तथा 27.78 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पिलखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत किए जाने का शिलान्यास भी किया गया। अस्पताल हेतु भूमि दान करने वाले कृष्णा गैरोला और उनके परिवार को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उनका कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। सरकार पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति से संसाधनों की कमी भी दूर की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बेटियों को 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय इंद्रमणी बडोनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्रीय मांगों पर प्राथमिकता से कार्य करने का आश्वासन दिया। पिलखी बेलेश्वर क्षेत्र में उप-चिकित्सालय स्थापित करने की घोषणा भी की गई।

इस अवसर पर विधायक शक्तिलाल शाह ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए 37 सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.