रुद्रपुर क्षेत्र में दो भव्य हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के साथ सम्पन्न हुआ। फुलसूंगा, सुभाष उपनगर और देव होम्स एलाइट में आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत समाज एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
फुलसूंगा, सुभाष उपनगर में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन में हरिद्वार से पधारे पूज्य संत दिगंबर मणिराज पुरी और शिव गिरी (जूना अखाड़ा) ने अपने आशीर्वचन प्रदान किए। मुख्य वक्ता मिथिलेश शांडिल्य ने ओजस्वी संबोधन में हिन्दू समाज की एकता, संगठन और युवा शक्ति के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब समाज संगठित होता है, तभी राष्ट्र सशक्त बनता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपेंद्र गिरी ने की, जबकि संयोजन की जिम्मेदारी मनोज ठाकुर और सहसंयोजक रोहित भट्ट ने निभाई। मंच संचालन चन्दन भट्ट ने किया और राहुल तिवारी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा तथा किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी उपस्थित रहे।
वहीं देव होम्स एलाइट में आयोजित दूसरे सम्मेलन में पूज्य दूधिया बाबा, स्वाति दीदी और जगबंधु महाराज ने राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, युवा जागरण और संस्कृति संरक्षण पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि सनातन परंपरा “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश देती है और समाज को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करती है।
इस कार्यक्रम के संयोजक विपिन सिंह गहलौत (बिट्टू चौहान) रहे, जबकि सहसंयोजक के रूप में जीतेन्द्र संधू, विजय बहादुर, निशांत गुप्ता, राजेंद्र सिंह, सचिन शर्मा और मोर सिंह यादव सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
