परेड ग्राउंड से चोरी स्कूटी बरामद, पुलिस चेकिंग में आरोपी दबोचा गया

देहरादून में परेड ग्राउंड के पास से चोरी हुई स्कूटी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

वादिनी संध्या भारती, निवासी लोक सेवा आयोग आवासीय कॉलोनी, हरिद्वार ने ई-एफआईआर दर्ज कराई थी कि उनकी स्कूटी (यूके-08 एपी-8874) धरना स्थल परेड ग्राउंड, दून क्लब के निकट सड़क किनारे खड़ी थी, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।

निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी शुरू की तथा स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार निगरानी और जांच के बाद 21 फरवरी की रात रोजगार तिराहे के आगे कॉन्वेंट सर्विस रोड के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया।

पूछताछ में उसकी पहचान राहुल उर्फ अभिषेक रौथाण (32 वर्ष), निवासी ग्राम रलथम, पोस्ट विसल्ड, पट्टी घुडदौड़स्यूं, थाना पौड़ी, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई स्कूटी बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमित चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.