गंगनहर में बढ़ते हादसों पर अलर्ट, जन सुरक्षा के लिए प्रशासन से बड़ी मांग

रुड़की।
नगर के बीचों-बीच बहने वाली गंगनहर में लगातार हो रही डूबने की घटनाओं को लेकर जनसुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर उठाया गया है। भाजपा के जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने इस संबंध में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेट को ज्ञापन सौंपकर ठोस सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि गंगनहर के संवेदनशील और दुर्घटना-प्रवण स्थलों पर दोनों किनारों पर मजबूत सुरक्षा रस्सियां या स्टील वायर लगाए जाएं, ताकि यदि कोई व्यक्ति अनजाने में नहर में गिर जाए तो वह सहारा लेकर स्वयं को सुरक्षित रख सके। इससे बचाव कार्य में भी आसानी होगी।

इसके अलावा गहरे और तेज बहाव वाले क्षेत्रों का स्पष्ट चिन्हांकन कर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की गई। निर्धारित दूरी पर लाइफबॉय और अन्य जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया गया है। ज्ञापन में उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि निगरानी बेहतर हो सके।

दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों में रेलिंग या बैरिकेडिंग लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। साथ ही, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के विशेषज्ञों के सहयोग से तकनीकी और नवाचार आधारित सुरक्षा उपाय विकसित करने की मांग की गई है, जिससे स्थायी समाधान निकल सके।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गुरजेंद्र सिंह रिंकू, आशीष अरोड़ा, आदित्य शर्मा, विभोर खन्ना सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों का भी कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए गए तो गंगनहर में होने वाली दर्दनाक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.