After Header-1

टिहरी में पेड़ से लटका मिला 34 वर्षीय महिला का शव, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

नई टिहरी। टिहरी जिले के छाम-कंडीसौड़ थाना क्षेत्र के बाण्डा गांव में 34 वर्षीय महिला का शव गांव के पास पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल महिला की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

थाना छाम के उपनिरीक्षक मनवीर सिंह के अनुसार, रविवार दोपहर ग्राम प्रहरी ने दूरभाष पर घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका सुमित्रा देवी और उनके पति प्यारे लाल 13 नवंबर की रात खाना खाने के बाद अलग-अलग कमरों में सोने चले गए थे। अगले दिन सुबह गांव की एक महिला ने पति को सूचना दी कि सुमित्रा का शव गांव के पास एक पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलने पर प्यारे लाल मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारकर बेहोश समझते हुए ग्रामीणों की मदद से घर ले आए। हालांकि, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के पिता गुणानंद और भाभी भी मौके पर पहुंचे। मृतका की भाभी ने पुलिस को बताया कि 14 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे सुमित्रा ने उन्हें फोन किया था, लेकिन बिना कोई बात किए कॉल काट दी थी।

पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए नई टिहरी जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

बताया गया कि मृतका का पति होटल में नौकरी करता है और घटना से एक दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया था। दंपती के एक बेटा और एक बेटी हैं। मृतका का मायका प्रतापनगर क्षेत्र के ओखलाखाल में है। उसका विवाह वर्ष 2013 में हुआ था।

पुलिस के अनुसार, अभी तक मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.