पटना। लोक आस्था, अटूट विश्वास और सामाजिक समरसता के महापर्व छठ पर रविवार को व्रती अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को प्रथम अर्घ्य अर्पित करेंगे। चार दिवसीय अनुष्ठान के तीसरे दिन बिहार सहित देशभर के छठ घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। सिर पर दउरा और हाथों में पूजन सामग्री लेकर व्रती छठ गीत गाते हुए घाटों की ओर प्रस्थान करेंगे।
छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय लोक संस्कृति और सामाजिक एकता का अनूठा पर्व है। इसमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, परिवार की सुख-समृद्धि और समाज के कल्याण की भावना समाहित है। बिहार से शुरू हुई इस पर्व की पहचान आज देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों तक पहुंच चुकी है।
इस पर्व की खास परंपरा अस्त होते और उगते, दोनों सूर्य की उपासना करना है। सूर्य को जीवन और ऊर्जा का आधार मानकर व्रती प्रकृति के प्रति आभार प्रकट करते हैं। नदी, तालाब और जलाशयों के किनारे होने वाली पूजा जलस्रोतों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती है।
छठ की पहचान पारंपरिक प्रसाद और पूजन सामग्री से भी जुड़ी है। बांस के सूप-दउरा, मिट्टी के दीपक, नारियल, केला, गन्ना और मौसमी फलों के साथ घरों में तैयार ठेकुआ विशेष महत्व रखता है। परिवार के सभी सदस्य मिलकर प्रसाद तैयार करते हैं, जिससे पीढ़ियों पुरानी परंपराएं आगे बढ़ती हैं।
छठ महापर्व सामाजिक समरसता की भी मिसाल है। घाटों पर जाति, वर्ग और आर्थिक स्थिति का भेद मिटाकर सभी श्रद्धालु एक साथ सूर्यदेव की आराधना करते हैं। पारंपरिक भोजपुरी गीत ‘कांच ही बांस के बहंगिया’ और ‘केलवा के पात पर’ से घर-आंगन और घाट भक्तिमय हो उठे हैं।
सारण सहित बिहार के विभिन्न जिलों में छठ की विशेष रौनक है। घाटों को सजाया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारियां की गई हैं। संध्या अर्घ्य के दौरान डूबते सूर्य की लालिमा और दीपों की रोशनी से घाटों का दृश्य मनमोहक होगा।
रविवार शाम प्रथम अर्घ्य के बाद सोमवार सुबह व्रती उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देंगे। इसके साथ ही चार दिवसीय महापर्व संपन्न होगा और व्रती पारण कर निर्जला उपवास पूरा करेंगे।

