अल्मोड़ा। उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पद्मश्री डॉ. ललित पांडे का रविवार को 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने अल्मोड़ा स्थित बेस अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से प्रदेश के सामाजिक, शैक्षिक और पर्यावरणीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
डॉ. ललित पांडे पश्चिम बंगाल और पंजाब के पूर्व राज्यपाल बीडी पांडे के सुपुत्र थे। उन्होंने अपने पिता की लोकसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अपना पूरा जीवन पहाड़ों और ग्रामीण समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया।
आईआईटी दिल्ली, एमआईटी और पर्ड्यू विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद उन्होंने विदेशों में उपलब्ध अवसरों को छोड़कर पहाड़ों में काम करने का निर्णय लिया। वर्ष 1984 में अल्मोड़ा लौटने के बाद उन्होंने उत्तराखंड के गांवों में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास के लिए व्यापक स्तर पर काम शुरू किया।
उत्तराखंड सेवा निधि के माध्यम से उन्होंने पर्यावरण शिक्षा को विद्यालयों तक पहुंचाने के साथ ग्रामीण पुस्तकालयों, बालवाड़ियों और ग्राम शिक्षण केंद्रों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिला सशक्तीकरण, जल संरक्षण, स्वच्छता, वनीकरण, कृषि और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उनके प्रयासों से प्रदेश के अनेक गांवों में सकारात्मक बदलाव आया।
जमीनी स्तर पर उनके उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए वर्ष 2007 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया था। इसके अलावा उन्हें आईआईटी दिल्ली के विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान से भी नवाजा गया था।
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के संरक्षक पीसी तिवारी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. पांडे का जाना प्रदेश के सामाजिक, शैक्षिक और पर्यावरणीय क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
वहीं, जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भी उनके निधन पर शोक जताते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि डॉ. पांडे ने पर्यावरण शिक्षा और ग्रामीण बच्चों की शिक्षा के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

