रुड़की। वीआईपी प्रेस क्लब द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हरिद्वार, देहरादून और सहारनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पत्रकारों और समाजसेवियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार वीर सिंह कुंडीवाल ने की, जबकि संचालन असगर आलम ने किया। समारोह में पत्रकारिता और सामाजिक दायित्व का प्रेरक संगम देखने को मिला।
मुख्य अतिथि के रूप में खानपुर के विधायक उमेश कुमार शर्मा ने पत्रकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला है। उन्होंने पत्रकारों से एकजुट रहने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि वे हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे।
क्लब के अध्यक्ष डॉ. गुलबहार ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ हैं और उनका सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है। पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने भी कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री धर्म सिंह सैनी, बसपा नेता राव मोहर्रम अली, भाजपा नेता नाथीराम राणा, भाकियू प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान, कांग्रेस नेत्री डॉ. शाजिया जीनत नाज समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन में एम. अफजल, पुरुषोत्तम शर्मा और बिहारीगढ़ की पत्रकार टीम की विशेष भूमिका रही। समारोह ने पत्रकारों के मनोबल को नई ऊर्जा प्रदान की।