उत्तरकाशी, महाशिवरात्रि के अवसर पर लाखामंडल से दर्शन कर लौट रहे युवकों की एक बुलेरो गाड़ी रविवार देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसमें सवार चार युवक घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार हादसा तहसील पुरोला क्षेत्र के ग्राम सोन्दाड़ी के पास हुआ। बुलेरो वाहन (संख्या यूके-07-3400) लाखामंडल से मोरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में चार युवक सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों का रेस्क्यू अभियान चलाया गया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पुरोला पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार दो युवकों का उपचार सीएचसी पुरोला में जारी है, जबकि दो अन्य की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर दून अस्पताल रेफर किया गया है।
घायलों की पहचान हिमांशु रावत (18) पुत्र मनोज रावत, निवासी ग्राम कुनार; चुनू (16) पुत्र प्रताप कुवर, निवासी ग्राम भितरी; रितिक रावत (18) पुत्र किनाब सिंह रावत, निवासी ग्राम सालरा; तथा अभिषेक (18) पुत्र नामालूम, निवासी ग्राम कोटगांव, तहसील मोरी के रूप में हुई है। रितिक रावत और अभिषेक को गंभीर हालत में दून अस्पताल भेजा गया है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक आशंका है कि पहाड़ी मार्ग पर वाहन की रफ्तार और संतुलन बिगड़ने के कारण हादसा हुआ। प्रशासन ने यात्रियों से पहाड़ी सड़कों पर सावधानी बरतने की अपील की है।