मुंबई में कल मोदी-मैक्रों की अहम मुलाकात, क्या बदलेगी भारत-फ्रांस साझेदारी की दिशा?

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 फरवरी को मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से महत्वपूर्ण मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक भारत के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर व्यापक चर्चा होगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, मुंबई में होने वाली इस द्विपक्षीय शिखर वार्ता में भारत और फ्रांस के बीच रक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी, जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक परिस्थितियों की भी समीक्षा करेंगे तथा मौजूदा सहयोग को नए आयाम देने पर जोर देंगे।

यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब भारत और फ्रांस के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों देश वैश्विक मंचों पर एक-दूसरे के अहम साझेदार बनकर उभरे हैं। खासतौर पर रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग उल्लेखनीय रहा है।

राष्ट्रपति मैक्रों अपने दौरे के दौरान एआई इम्पैक्ट समिट में भी भाग लेंगे, जहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता और नई तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी। इससे दोनों देशों के बीच टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में साझेदारी को नई गति मिलने की उम्मीद है।

शाम को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों संयुक्त रूप से ‘भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026’ का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर दोनों देशों के उद्योग जगत, स्टार्टअप, शोधकर्ता और नवोन्मेषक मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में दोनों नेता उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे और नवाचार आधारित सहयोग को बढ़ावा देने का आह्वान करेंगे।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह मुलाकात भारत-फ्रांस संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.