रुड़की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित लोकभवन कूच कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार सुबह रुड़की से बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता देहरादून के लिए रवाना हुए। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता ईदगाह चौक स्थित सचिन इंटरनेशनल होटल पर एकत्रित हुए। यहां से काफिला देहरादून के लिए रवाना हुआ।
रवाना होने से पूर्व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सचिन गुप्ता ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। प्रदेश में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं और महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि अंकित हत्याकांड जैसे मामलों में सरकार की कार्यप्रणाली पूरी तरह विफल रही है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में जनआंदोलन चलाया और जनता का व्यापक समर्थन मिला। गुप्ता ने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
उन्होंने कहा कि आज देहरादून में होने वाला राजभवन घेराव ऐतिहासिक होगा और यह सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज बनेगा।