भारत रंग महोत्सव में ‘मिशन सिलक्यारा’ ने भावुक किया दर्शकों को, रेस्क्यू ऑपरेशन की गाथा मंच पर जीवंत

देहरादून। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय और संस्कृति विभाग उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भारत रंग महोत्सव, देहरादून के समापन अवसर पर चर्चित नाटक ‘मिशन सिलक्यारा’ का प्रभावशाली मंचन किया गया। चार दिनों तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन का समापन इस भावनात्मक और प्रेरक प्रस्तुति के साथ हुआ।

नाटक वर्ष 2023 में उत्तरकाशी की सिलक्यारा टनल में हुई उस बड़ी आपदा पर आधारित था, जब दीपावली और क्रिकेट विश्व कप मैच के दिन 8 राज्यों के 41 मजदूर सुरंग में फंस गए थे। ‘मिशन सिलक्यारा’ ने मजदूरों के सुरंग में फंसने से लेकर उनके सुरक्षित रेस्क्यू तक की पूरी कहानी को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।

नाटक में प्रशासनिक दक्षता, संयम और देश-विदेश के विशेषज्ञों की तकनीकी विशेषज्ञता को प्रमुखता से दर्शाया गया। साथ ही स्थानीय आस्था और कुल देवता बाबा बौखनाग के प्रति लोगों की श्रद्धा को भी कथा का हिस्सा बनाया गया। विशेष रूप से ‘रेट माइनर्स’ के नाम से प्रसिद्ध उस टीम की भूमिका को रेखांकित किया गया, जिन्होंने चूहे की तरह सुरंग में खुदाई कर मजदूरों तक पहुंचने में अहम योगदान दिया।

मंचन में धीरज सिंह रावत, राजीव शुक्ला, श्रीवर्णा रावत, अभिनव गोयल, दिनेश बोड़ाई सहित कई कलाकारों ने सशक्त अभिनय किया। मंच परिकल्पना सुरक्षा रावत, प्रकाश संयोजन टी.के. अग्रवाल और रूप सज्जा ऐश्वर्या रावत द्वारा की गई। गीत-संगीत में प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल समेत अन्य कलाकारों का सहयोग रहा।

कार्यक्रम में कैंट विधायक सविता कपूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। संस्कृति निदेशालय के निदेशक प्रदीप जोशी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अजय जोशी ने किया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.