रानीखेत के बाजार में आधी रात गुलदार! CCTV फुटेज से मचा हड़कंप

रानीखेत। नगर और आसपास के रिहायशी इलाकों में पिछले कुछ समय से गुलदार की लगातार आवाजाही ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रात होते ही किसी न किसी मोहल्ले में उसकी मौजूदगी देखी जा रही है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।

बीते शुक्रवार की रात करीब साढ़े दस बजे और फिर साढ़े बारह बजे गुलदार की गतिविधियां जरूरी बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं। फुटेज में वह शिकार की तलाश में घूमता नजर आया और बाद में कुत्तों का पीछा करते हुए दिखाई दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में दहशत और बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार रिहायशी क्षेत्रों में उसकी मौजूदगी बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा बन सकती है।

इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी रानीखेत तापस मिश्रा ने बताया कि विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं, ताकि गुलदार की आवाजाही और उसके मूवमेंट के कारणों का पता लगाया जा सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्थिति का आकलन करने के बाद आवश्यक होने पर पिंजरा भी लगाया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले भी गुलदार नगर के नंदा देवी मंदिर परिसर, सुदामापुरी, गोविंद गार्डन, तिवारी गार्डन, चौधरी गार्डन और केएमओ स्टेशन जैसे इलाकों में कई बार देखा जा चुका है। लगातार बढ़ती गतिविधियों से क्षेत्रवासियों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और बच्चों को अकेले न भेजें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.