रानीखेत। पीएम श्री राइका जैनोली में पीएम श्री करियर काउंसलिंग एवं गाइडेंस योजना के अंतर्गत ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए 11 से 13 फरवरी तक तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को विभिन्न रोजगारपरक क्षेत्रों की जानकारी देकर उनके भविष्य को सही दिशा देना था।
कार्यक्रम के दौरान दीक्षा करियर एंड गाइडेंस संस्थान के काउंसलर डीके कोटियाल ने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहने के उपाय बताए। उन्होंने मेडिकल, इंजीनियरिंग, पैरामेडिकल, सेना, पुलिस तथा अध्यापन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में करियर बनाने की प्रक्रिया और आवश्यक योग्यताओं पर विस्तार से जानकारी दी। छात्रों को बताया गया कि सही मार्गदर्शन और लक्ष्य निर्धारण से सफलता प्राप्त की जा सकती है।
वरिष्ठ पत्रकार विमल सती ने पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में करियर संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने डिजिटल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में तेजी से बढ़ते रोजगार अवसरों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया।
विद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. मुकेश मेहरा ने भी विभिन्न प्रोफेशनल कोर्सों की जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए संगीत के माध्यम से परीक्षा तनाव को कम करने का संदेश दिया और एक गीत प्रस्तुत कर माहौल को प्रेरणादायक बना दिया।
कार्यशाला के समापन अवसर पर शुक्रवार को छात्र-छात्राओं को पुरस्कार स्वरूप करियर संबंधी पुस्तकें प्रदान की गईं। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रमेश राम सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।