रुड़की में व्यापार मंडल का बड़ा विस्तार, कई नए पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

रुड़की। व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (संगठनात्मक जिला रुड़की) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई और विभिन्न नगर इकाइयों में कार्यवाहक अध्यक्ष एवं महामंत्रियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि संगठन का विस्तार जमीनी स्तर पर व्यापारियों को आ रही समस्याओं के समाधान के लिए किया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि नवनियुक्त पदाधिकारी पूरी निष्ठा से व्यापारियों के हितों की आवाज बुलंद करेंगे और प्रशासन व व्यापारियों के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाएंगे।

जिला महामंत्री विभोर अग्रवाल ने जिलाध्यक्ष की संस्तुति पर कार्यकारिणी विस्तार की घोषणा करते हुए विराट गोयल (भगवानपुर) को जिला उपाध्यक्ष तथा प्रदीप अग्रवाल (रुड़की कैंट) को जिला मंत्री नियुक्त किया। नगर इकाइयों में भी नई जिम्मेदारियां तय की गईं। भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र से अमित चौहान को कार्यवाहक नगर अध्यक्ष और शौर्य दत्त शर्मा को कार्यवाहक महामंत्री बनाया गया। मोहनपुरा से प्रदीप सिंघल को कार्यवाहक नगर अध्यक्ष तथा गगन साहनी को कार्यवाहक नगर महामंत्री नियुक्त किया गया। ढंडेरा से तजम्मुल खान को कार्यवाहक नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

बताया गया कि सभी कार्यवाहक नगर अध्यक्ष और महामंत्रियों का कार्यकाल छह माह का होगा। इस अवधि में उन्हें सदस्यता अभियान चलाकर अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव संपन्न कराने होंगे, जिससे विधिवत नगर इकाइयों का गठन हो सके।

प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद जौहर और प्रदेश संगठन मंत्री विश्वतोष सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने व्यापारियों के मान-सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.