महाशिवरात्रि पर ब्रह्माकुमारीज का नवदशकोत्सव, ‘साइलेंस पावर’ से विश्वकल्याण का संदेश

देहरादून। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सुभाषनगर सेवा केंद्र में “ब्रह्माकुमारी संस्था का नवदशकोत्सव” आध्यात्मिक वातावरण में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भक्ति, उमंग और दिव्यता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। अतिथियों का स्वागत बैज, शॉल और पटका पहनाकर सम्मानपूर्वक किया गया। कुमारी पावनी ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित स्वामी योगीराज योगी आशुतोष जी महाराज ने अपने उद्बोधन में संस्था के वैश्विक सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूर्व से पश्चिम तक, भारत ही नहीं बल्कि विश्वभर में शोषित, पीड़ित और वंचित लोगों को करुणा और समर्पण भाव से मुख्यधारा में जोड़ने का कार्य ब्रह्माकुमारीज कर रही है। उन्होंने बताया कि संस्था 140 से अधिक देशों में संकल्पों की शक्ति द्वारा विश्वकल्याण की सेवा कर रही है। तनाव और अवसाद से जूझ रहे लोगों के लिए यह संस्था सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन रही है।

आपदा प्रभाग के सचिव ज्योतिर्मय त्रिपाठी ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। वहीं ओम शांति रिट्रीट सेंटर की निदेशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने कहा कि “मैं” का भाव ही अहंकार और मतभेद को जन्म देता है। एकाग्रता जीवन की रॉयल्टी है और स्थिरता से ही सच्चा कर्मयोग संभव है। उन्होंने ‘साइलेंस पावर’ के माध्यम से मनसा-संकल्पों को शक्तिशाली बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कुमारी स्वाति और कुमारी नताशा ने संस्था की 90 वर्षों की यात्रा को संवाद के माध्यम से प्रस्तुत किया। अंत में अतिथियों को ईश्वरीय सौगातें प्रदान की गईं। स्वागत राजयोगिनी बीके मंजू दीदी ने किया और संचालन बीके सुशील भाई ने किया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.