देहरादून में 300 महिलाओं को मिला अधिकारों का पाठ, आश्रय गृह सरफिना ट्रस्ट में जागरूकता शिविर

देहरादून। महिलाओं और बच्चों के अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को आश्रय गृह सरफिना ट्रस्ट, क्लेमेंट टाउन में एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में जिला बाल संरक्षण इकाई एवं जिला प्रोबेशन कार्यालय, देहरादून तथा महिला कल्याण विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य शहर की विभिन्न बस्तियों—लोहिया नगर, ओगल भट्टा, प्रेम नगर, कावली रोड, पटेल नगर, चंदन नगर और मोहब्बेवाला—में रहने वाली महिलाओं को उनके सामाजिक और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम, बाल श्रम निषेध कानून, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल भिक्षावृत्ति, स्पॉन्सरशिप योजना, अनाथ प्रमाण पत्र की प्रक्रिया और चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) की जानकारी विस्तार से दी गई। बच्चों को ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में समझाया गया और पॉक्सो एक्ट से संबंधित एक शैक्षिक वीडियो भी प्रदर्शित किया गया, जिससे वे अपनी सुरक्षा के प्रति सजग हो सकें।

कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति और किशोर न्याय बोर्ड की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या शोषण की स्थिति में संबंधित विभाग से संपर्क कर त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है।

शिविर में लगभग 300 महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में वार्ड 78 सुभाष नगर के पूर्व प्रधान एवं पार्षद अभिषेक परमार, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.