विकासनगर।
कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के अंतर्गत ढालीपुर–हरबर्टपुर मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। 28 तारीख की रात्रि कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ढालीपुर के पास झाड़ियों में एक युवती का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी विकासनगर एवं कोतवाली विकासनगर से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।
मौके पर बोक्सा बस्ती ढालीपुर जाने वाले रास्ते पर सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवती का शव पड़ा मिला, जिसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। स्थानीय लोगों की सहायता से शव की शिनाख्त **मनीषा पुत्री आनंद सिंह**, निवासी बोक्सा बस्ती ढालीपुर के रूप में की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फील्ड यूनिट एवं फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। घटनास्थल की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कर आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई।
मृतका के परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि मनीषा शाम के समय अपने ताऊ के लड़के **सुरेंद्र पुत्र छोटा**, निवासी बोक्सा बस्ती ढालीपुर के साथ मोटरसाइकिल से अस्पताल जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के पास से आरोपी सुरेंद्र की मोटरसाइकिल तथा हत्या में प्रयुक्त **दरांती** बरामद कर ली है। प्रारंभिक विवेचना में यह भी सामने आया है कि उक्त दरांती को आरोपी ने घटना से करीब दो दिन पूर्व खरीदा था। घटना के बाद से आरोपी फरार है।
फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मृतका के परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि आरोपी के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, पुलिस अधिकारियों को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।
घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।