भ्रष्टाचार और बेरोज़गारी के खिलाफ कांग्रेस सड़कों पर, भाजपा सरकार पर सीधा हमला

देहरादून।
उत्तराखंड में भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध और बेरोज़गारी के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ निर्णायक संघर्ष का ऐलान किया है। उत्तराखंड कांग्रेस मुख्यालय **राजीव भवन** में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष **गणेश गोदियाल**, नेता प्रतिपक्ष **यशपाल आर्य**, पूर्व मुख्यमंत्री **हरीश रावत**, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष **प्रीतम सिंह**, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष **हरक सिंह रावत** तथा सह प्रभारी **सुरेंद्र शर्मा** और **मनोज यादव** की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक के बाद सभी वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि राज्य आज भ्रष्टाचार, महिला अपराध, बेरोज़गारी और प्रशासनिक अराजकता के सबसे खराब दौर से गुजर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार और अन्याय को संस्थागत रूप दे दिया है तथा जनता के प्रति जवाबदेह होने के बजाय सत्ता के संरक्षण में दोषियों को बचाने का काम किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष **गणेश गोदियाल** ने कहा कि मुख्य विपक्षी दल होने के नाते कांग्रेस आगामी **तीन महीनों तक राज्यव्यापी जन-जागरण अभियान** चलाएगी। इस अभियान में युवा, महिलाएं, किसान, कर्मचारी और बेरोज़गार वर्ग को सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड को भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला और बेरोज़गारी का गढ़ बना दिया गया है, जबकि मुख्यमंत्री मौन साधे हुए हैं।

नेता प्रतिपक्ष **यशपाल आर्य** ने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामी अब हर घर तक पहुंच चुकी है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं और सरकार मूक दर्शक बनी हुई है। कांग्रेस सड़कों से लेकर सदन तक जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर नौकरियों की बंदरबांट तक, हर मामले में सरकार का असली चेहरा सामने आ चुका है।

पूर्व मुख्यमंत्री **हरीश रावत** ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड की अस्मिता और युवाओं के भविष्य के साथ विश्वासघात किया है। कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी और जन-जागरण अभियान के माध्यम से सरकार की हर नाकामी को जनता के सामने उजागर किया जाएगा।

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष **प्रीतम सिंह** ने जानकारी दी कि जन-जागरण अभियान की कड़ी में **16 फरवरी को राजभवन का घेराव** किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन जनता के अधिकारों की निर्णायक लड़ाई होगा। वहीं **हरक सिंह रावत** ने कहा कि संगठन पूरी तरह एकजुट है और यह आंदोलन गांव-गांव व शहर-शहर तक पहुंचाया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.